DEVA TV
नैनी, प्रयागराज। नैनी क्षेत्र स्थित नैनी डाकघर में चोरों ने बिजली के तार काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर डाकघर की विद्युत व्यवस्था से जुड़े लाइट और अन्य बिजली के तार काटकर अपने साथ ले गए। तार कट जाने के कारण डाकघर में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और गुरुवार को इसका सीधा असर डाकघर के कामकाज पर पड़ा। कंप्यूटर बंद रहने से कर्मचारियों को काम करने में परेशानी हुई और डाकघर की सेवाएं प्रभावित रहीं।
घटना के सामने आने के बाद डाकघर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। चोरी की घटना में डाकघर का इन्वर्टर सुरक्षित बताया जा रहा है, लेकिन बिजली के तार काटकर ले जाने से पूरा सिस्टम प्रभावित हो गया। कर्मचारियों के मुताबिक बिजली और कंप्यूटर व्यवस्था ठप होने के कारण नियमित कार्य करना मुश्किल हो गया।
सीसीटीवी कैमरा तक नहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद डाकघर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि नैनी डाकघर परिसर में सीसीटीवी कैमरा तक नहीं लगा है। ऐसे में रात के समय डाकघर परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों की निगरानी नहीं हो सकी और चोरी के बाद आरोपियों की पहचान करना भी चुनौती बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डाकघर जैसे महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान में सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होना जरूरी है। लोगों ने डाकघर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आसपास रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
10 से 12 हजार रुपये का नुकसान
एमटीएस आनंद प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि तार चोरी हो जाने के कारण गुरुवार को डाकघर का काम प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि न तो बिजली उपलब्ध है और न ही कंप्यूटर चल पा रहा है, जिससे कर्मचारियों को काम करने में परेशानी हुई। खबर लिखे जाने तक डाकघर के अधिकारी नैनी कोतवाली में तहरीर लेकर पहुंचे थे।
वहीं, एसपीएम आनंद कुमार ने बताया कि तार चोरी होने से करीब 10 से 12 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त तारों को जोड़ने के लिए मिस्त्री को बुलाया गया है। तारों की मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद सोमवार से डाकघर का कामकाज सुचारु रूप से शुरू होने की उम्मीद है।









0 टिप्पणियाँ