हजारों अकीदतमंदों ने की शिरकत, घोड़े-ऊंट और आकर्षक झांकियों ने बढ़ाई शोभा; अमन, भाईचारे और देश की तरक्की की मांगी दुआ
DEVA TV
नैनी। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर बुधवार को नैनी में जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरी अकीदत, जोश और शानो-शौकत के साथ निकाला गया। नैनी के विभिन्न इलाकों से निकले जुलूस जब अरैल मोड़ पर एकत्र हुए तो पूरा क्षेत्र धार्मिक नारों और दरूद-ओ-सलाम से गूंज उठा। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने एक साथ जुलूस में शामिल होकर देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ की।
इस बार नैनी का जुलूस-ए-मोहम्मदी बेहद भव्य और आकर्षक नजर आया। गंजिया, मुरादपुर, अरैल, करबला, फतेह मियां का पुरवा, शाह जी का पुरा, एडीए, पीएसी, महेवा इंदलपुर समेत आसपास के विभिन्न इलाकों से अकीदतमंद जुलूस में शामिल होने पहुंचे। सभी जुलूस अरैल मोड़ पर एकत्र हुए, जिसके बाद संयुक्त रूप से जुलूस की रवानगी हुई।
घोड़े-ऊंट और झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान
जुलूस में आकर्षक झांकियों के साथ घोड़े और ऊंट भी शामिल रहे। घोड़े और ऊंट पर सवार अकीदतमंदों ने जुलूस की शोभा बढ़ाई। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और अकीदतमंदों के लिए लंगर व तबर्रुक का इंतजाम किया गया।
अरैल मोड़ से शुरू हुआ जुलूस चकदोंदी होते हुए स्टेशन रोड पहुंचा। इसके बाद नैनी बाजार से होते हुए शंकरढाल पहुंचा और निर्धारित मार्ग से वापस अरैल मोड़ आया। यहां फातिहा पढ़ी गई, जिसके बाद अकीदतमंद अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हुए।
नैनी ईदगाह कमेटी ने कराया लंगर
स्टेशन रोड स्थित नैनी ईदगाह कमेटी की ओर से जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के लिए विशेष लंगर की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने लंगर ग्रहण किया। जुलूस के मार्ग में भी कई स्थानों पर तबर्रुक और खान-पान की व्यवस्था की गई।
जुलूस को देखने के लिए महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। विभिन्न स्थानों पर जुलूस में शामिल आशिके रसूल का सम्मान भी किया गया।
जुलूस ने दिया अमन और भाईचारे का संदेश
जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने देश की खुशहाली, तरक्की और आपसी सद्भाव के लिए दुआ की। कार्यक्रम के दौरान अमन, शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
व्यापारी नेता नाजिम खान ने कहा कि पूरा यमुनापार अपनी गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है। यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होकर आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं। नैनी में भी सदैव सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की परंपरा रही है, जिसे आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
मो. तारिक ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ईद मिलादुन्नबी का जुलूस पूरी अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही और घोड़े व ऊंट जुलूस के आकर्षण का केंद्र रहे।
सपा नेताओं समेत कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में सपा नेता मो. शारिक और सपा नेता शशांक त्रिपाठी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा कारी युसूफ, कारी अय्यूब, आलिम साहब, मौलाना शफीक, हाफिज मो. अनस, घनश्याम जायसवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता नर सिंह, पार्षद रणविजय सिंह, हासिम खान, मो. अरशद, मो. फरहान, मोहसिम खान, शहजाद खान, शायर अनस रजा, हलीम भाई, मो. नसीम, मो. शकील, इस्तियाक अली, तारिक आफताब, शानू कुरैशी, अरिस सिद्दीकी, सलमान खान, शहजा खान, इसरत सिद्दीकी, आरिफ सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन
जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में नैनी थाना पुलिस और प्रशासन की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। नैनी कोतवाल पुलिस बल के साथ पूरे जुलूस के दौरान मुस्तैद रहे और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी। पुलिस की मौजूदगी में जुलूस निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ा।













0 टिप्पणियाँ