बद्रीनाथ वासुधारा के महंत स्वामी प्रणव दास जी महाराज का नैनी में भव्य स्वागत, पत्रकारों से की विशेष वार्ता
DEVA TV
प्रयागराज। बद्रीनाथ वासुधारा के महंत स्वामी प्रणव दास जी महाराज का सोमवार को नैनी, प्रयागराज आगमन हुआ। उनके आगमन पर समाजवादी पार्टी के नेता एवं समाजसेवी सौरभ यादव के नेतृत्व में समर्थकों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच स्वामी जी का अभिनंदन किया गया।
स्वामी प्रणव दास जी महाराज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सनातन धर्म की एकजुटता, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और विश्व शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनवरी 2027 से विशाल महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है, जिसमें देशभर से संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, श्रद्धालुओं और सनातन प्रेमियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि सनातन परंपरा के मूल संदेश—सेवा, सद्भाव, संस्कार, सत्य और मानव कल्याण को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए। धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रहकर समाज में प्रेम, भाईचारा और शांति की भावना को मजबूत करना होना चाहिए।
स्वामी जी ने विश्व शांति की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय सनातन परंपरा सदैव ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का संदेश देती रही है। प्रस्तावित महायज्ञ के माध्यम से इसी विचारधारा को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर सौरभ यादव ने कहा कि स्वामी प्रणव दास जी महाराज का नैनी आगमन क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने वाले ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों में हर संभव सहयोग किया जाएगा।
स्वामी जी के स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने स्वामी प्रणव दास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
जनवरी 2027 में प्रस्तावित यह महायज्ञ सनातन धर्म की एकजुटता और विश्व शांति के संदेश को लेकर एक बड़े आध्यात्मिक अभियान के रूप में देखा जा रहा है।









0 टिप्पणियाँ