DEVA TV
प्रयागराज। सावन के पावन महीने में भगवान शिव की आराधना, रुद्राभिषेक एवं शिव महापुराण कथा का श्रवण करने से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति के साथ मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। यह बातें नैनी, प्रयागराज में आयोजित शिव महापुराण अमृत कथा के दौरान कथा व्यास श्री श्याम भूषण जी महाराज, बिठूर (कानपुर) ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि शिव महापुराण भगवान भोलेनाथ की महिमा और उनकी भक्ति का अमृत स्वरूप है। सावन के महीने में भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं रुद्राभिषेक करने से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सुख-शांति और सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। शिव महापुराण की कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण करने से मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से मुक्ति और मोक्ष की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कथा के दौरान श्री श्याम भूषण जी महाराज ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जो भक्त सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान भोलेनाथ का स्मरण करता है, उसके जीवन में आने वाली कठिनाइयों का निवारण होता है। सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है और इस दौरान शिव आराधना का विशेष महत्व माना गया है।
इस अवसर पर कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय श्रीवास्तव ने श्री श्याम भूषण जी महाराज का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्तों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से शिव महापुराण कथा का श्रवण किया।
कार्यक्रम में श्री राजा जी महाराज, श्री हनुमान प्रसाद तिवारी जी महाराज, भाजपा नेता आलोक सिंह, बाबूजी यादव, डॉ. सुभाष कुशवाहा, पंडित दामोदर प्रसाद तिवारी, कृष्ण कुमार शुक्ला, राणा श्रीवास्तव सहित दर्जनों श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कथा स्थल पर पूरे वातावरण में भगवान शिव के जयकारों और भक्ति भाव से श्रद्धालु सराबोर नजर आए।








0 टिप्पणियाँ