Editors Choice

3/recent/post-list

नैनी में बारिश के बीच बड़ा हादसा, मकान पर गिरा 50 साल पुराना पीपल का पेड़

 


DEVA TV

नैनी, प्रयागराज। प्रयागराज में लगातार हो रही बारिश के बीच नैनी क्षेत्र में रविवार की देर रात बड़ा हादसा हो गया। पुराने डाकखाने के समीप करीब 50 वर्ष पुराना पीपल का पेड़ अचानक एक मकान के ऊपर जा गिरा। हादसा रात करीब दो बजे हुआ। जिस समय पेड़ मकान पर गिरा, परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पेड़ गिरने से मकान का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि संयोगवश परिवार के सभी सदस्यों की जान बच गई। मकान नैनी निवासी संजय अग्रवाल का बताया जा रहा है। संजय अग्रवाल और उनकी पत्नी दोनों दिव्यांग हैं तथा सुनने और बोलने में असमर्थ हैं।

अचानक भरभराकर मकान पर गिरा पेड़

बताया जा रहा है कि रविवार की रात बारिश के दौरान अचानक पुराना पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर मकान पर आ गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पेड़ के मकान पर गिरने से घर में रखा सामान भी प्रभावित हुआ और भवन को काफी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि रात के समय हुई इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर राहत कार्य शुरू कराया गया। पेड़ को काटकर मकान से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। भारी-भरकम पेड़ होने के कारण उसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। पेड़ के सड़क की ओर गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। कई घंटों की मेहनत के बाद पेड़ को काटकर रास्ते से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

बारिश और तेज हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें

प्रयागराज में रविवार की देर रात हुई तेज बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जबकि बारिश और तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। नैनी में मकान पर पेड़ गिरने की घटना ने एक बार फिर पुराने और जर्जर पेड़ों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में ऐसे पुराने पेड़ों का सर्वे कराकर खतरनाक स्थिति वाले पेड़ों की समय रहते छंटाई या आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ