DEVA TV
प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर निगम प्रयागराज की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ गुरुवार को अरैल घाट, नैनी स्थित सेल्फी प्वाइंट से किया गया। महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता रैली, वृहद श्रमदान और स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया।
अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों, स्थानीय नागरिकों और आईईसी टीम समेत करीब 300 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने अरैल घाट परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और सुंदर प्रयागराज के निर्माण के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली और स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पार्षद रणविजय सिंह, बाल राज पटेल, संजय पासवान, अनूप पासी, मयंक यादव, मंचू सिंह, दीप चंद्र, दिलीप जायसवाल, राकेश जायसवाल, नीरज टंडन, श्याम चंद्र हेला, भोला तिवारी, प्रदीप महरा, ऋषि निषाद, प्रेम शंकर, परविंदर सिंह, मुकेश लारा तथा जोनल अधिकारी अखिलेश समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।









0 टिप्पणियाँ