Editors Choice

3/recent/post-list

11 हजार दीपों से जगमगाया संगम, पीएम के दीर्घायु की कामना

सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम ने घाटों और धार्मिक स्थलों पर जलाए दीप

DEVA TV

प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरुवार को संगम नगरी के विभिन्न घाट और धार्मिक स्थल 11 हजार से अधिक दीपों से जगमगा उठे। नगर निगम प्रयागराज की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और महापौर गणेश केसरवानी के नेतृत्व में प्रेरणा स्थल पर विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां नगर निगम के पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और निगम परिवार के सदस्यों ने दीप जलाए। प्रेरणा स्थल और कालीघाट पर 2100 से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए।


इसके अलावा अरैल घाट, बरगद घाट, दशाश्वमेध घाट, भारद्वाज आश्रम, मनकामेश्वर मंदिर, सिविल लाइंस हनुमान मंदिर, सुभाष चौराहा और कलश चौराहा समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर दीप जलाए गए। हजारों दीपों के एक साथ प्रज्ज्वलित होने से घाटों और धार्मिक स्थलों का वातावरण भक्तिमय नजर आया। महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर देशभर में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रयागराज में सेवा संकल्प अभियान के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन सेवा, श्रद्धा और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है।



कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पार्षद, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपने जन्मदिन पर देशभर से मिले शुभकामना संदेशों और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया और सेवा कार्यों में जुटे लोगों की सराहना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ